सूरजपुर

सवा 4 करोड़ की गांजा तस्करी, फरार आरोपी एमपी से बंदी
25-Aug-2026 8:25 PM
सवा 4 करोड़ की गांजा तस्करी, फरार आरोपी एमपी से बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 25 अगस्त। जयनगर थाना पुलिस ने 848 किलो 650 ग्राम गांजा जब्ती में फरार आरोपी को मध्यप्रदेश के कटनी जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को बरही क्षेत्र में दबिश देकर पकड़ा और ट्रांजिट रिमांड पर सूरजपुर लाया।

पुलिस के अनुसार, 4 जून 2026 को सूचना मिली थी कि अंबिकापुर से मनेन्द्रगढ़ जा रही नीलम बस क्रमांक सीजी 15 ईएच 4301 में गांजा का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सिलफिली में पुलिस ने बस की तलाशी ली, जिसमें 53 बोरियों और कपड़े में बंधी गठरियों से कुल 848 किलो 650 ग्राम गांजा बरामद हुआ। गांजे की कीमत करीब 4 करोड़ 24 लाख रुपये आंकी गई थी। इसके अलावा 478 झाड़ू, परिवहन में प्रयुक्त बस और एक मोबाइल भी जब्त किया गया था।

मामले में पुलिस ने गोल झरनी, उनर बाई, रूजीना, अटरिया, अन्टबाई, पेहरी बाई और बस चालक छोटन राम को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की थी, वहीं अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी थी।

एसपी योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर जयनगर पुलिस ने तकनीकी संसाधनों की मदद से फरार आरोपी जाजोन सिंह के कटनी जिले के बरही क्षेत्र में होने की जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस टीम ने ग्राम खिरहनी में घेराबंदी कर जाजोन पारधी (मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया।

ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर उसे जयनगर लाया गया और 24 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया है।

पुलिस के मुताबिक मामले में इण्ड-टू-इण्ड विवेचना जारी है तथा अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही है।


अन्य पोस्ट