सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भैयाथान, 25 अगस्त। सूरजपुर जिले के विकासखंड भैयाथान में मंगलवार को उस समय प्रशासनिक हलचल तेज हो गई, जब कलेक्टर रेना जमील ने विभिन्न शासकीय कार्यालयों का निरीक्षण कर जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने एसडीएम कार्यालय, तहसील कार्यालय, नायब तहसीलदार कार्यालय, रिकॉर्ड रूम, जनपद पंचायत कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं मनरेगा कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से कार्यालयीन कामकाज की जानकारी लेने के साथ आम लोगों को मिल रही सुविधाओं की भी पड़ताल की।
तहसील न्यायालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने वहां अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे कई ग्रामीणों से सीधे बातचीत की। उन्होंने फरियादियों से उनकी शिकायतों और प्रकरणों के संबंध में जानकारी ली तथा समस्याओं के निराकरण की स्थिति के बारे में अधिकारियों से भी जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने तथा पात्र मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने लोक सेवा केंद्र पहुंचकर आधार कार्ड बनवाने एवं आधार अपडेट कराने पहुंचे ग्रामीणों और महिलाओं से बातचीत की। उन्होंने लोगों से पूछा कि उन्हें आधार संबंधी सेवाएं समय पर मिल रही हैं या नहीं और किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद कलेक्टर ने संबंधित कर्मचारियों को आधार कार्ड बनाने एवं अपडेट करने की प्रक्रिया को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान तहसील कार्यालय परिसर में सुविधाओं को लेकर अधिवक्ता एपी दास ने महिला शौचालय की मांग कलेक्टर के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि तहसील कार्यालय में विभिन्न कार्यों से बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचती हैं, ऐसे में परिसर में महिला शौचालय की सुविधा आवश्यक है।
इसके बाद कलेक्टर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैयाथान पहुंचीं। यहां उन्होंने अस्पताल में भर्ती एवं उपचार कराने पहुंचे मरीजों से सीधे बातचीत कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों से इलाज, दवाइयों और स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।