सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर,25 अगस्त। लखनपुर विकासखंड अंतर्गत राजस्व ग्राम पंचायत तुरना में शासकीय भूमि पर कथित अवैध अतिक्रमण का मामला सामने आया है। अतिक्रमण रोकने और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मंगलवार को करीब 50 से 60 ग्रामीण तहसील कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने एसडीएम के नाम तहसीलदार अमन चतुर्वेदी को ज्ञापन सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की शासकीय भूमि पर कुछ लोगों द्वारा लगातार अतिक्रमण किया जा रहा है। ग्राम सभा में भी इस मुद्दे को उठाते हुए अतिक्रमण पर रोक लगाने की मांग की गई थी। ग्रामीणों के अनुसार जंगल एवं राजस्व भूमि पर भी कथित रूप से जबरन कब्जा कर मकान बनाए जा रहे हैं। इससे गांव में मवेशियों के चरने के लिए जगह की कमी के साथ ही पंचायत के विकास कार्यों के लिए भी भूमि की समस्या उत्पन्न होने की आशंका है।
ज्ञापन सौंपने पहुंचे ग्रामीण अतिक्रमण के मुद्दे को लेकर काफी आक्रोशित नजर आए। उनका कहना था कि यदि समय रहते अतिक्रमण पर रोक नहीं लगाई गई तो भविष्य में गांव में विवाद और समस्याएं बढ़ सकती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से शासकीय भूमि का सीमांकन कराकर अवैध कब्जे हटाने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार अमन चतुर्वेदी ने पंचायत को अतिक्रमणकारियों के संबंध में तीन नोटिस जारी किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आगे की कार्रवाई पंचायत के माध्यम से की जाएगी। अब ग्रामीणों की शिकायत पर पंचायत स्तर पर किस तरह की कार्रवाई की जाती है, यह देखना होगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान सरपंच भावना सिंह, उपसरपंच, पंचगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।