सूरजपुर

20 साल से बिना किराया दिए रहने पर कर दी हत्या, आरोपी मकान मालिक बंदी
24-Aug-2026 9:59 PM
 20 साल से बिना किराया दिए रहने पर कर दी हत्या, आरोपी मकान मालिक बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

प्रतापपुर, 24 अगस्त। सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में हुई हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी मकान मालिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने विवाद के दौरान शोभा राम के सिर पर हथौड़े से वार कर उसकी हत्या कर दी थी। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हथौड़ा भी बरामद किया गया है।

घटना का खुलासा 21 अगस्त को हुआ, जब प्रतापपुर मिशन चौक के समीप एक मकान से तेज दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों को संदेह हुआ। दरवाजा खोलने पर भीतर शोभा राम का शव पड़ा मिला। शव कई दिनों पुराना होने के कारण सड़-गल चुका था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले।

जांच में सामने आया कि हत्या 16 अगस्त को हुई थी। पुलिस को मृतक और आरोपी रामचंद्र पैंकरा के बीच लंबे समय से विवाद की जानकारी मिली। बताया गया कि मृतक करीब 20 वर्षों से आरोपी के मकान में बिना किराया दिए रह रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था।

संदेह के आधार पर पुलिस ने रामचंद्र पैंकरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर हथौड़ा बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में पुलिस की जांच जारी है।


अन्य पोस्ट