सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर, 24 अगस्त। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लक्ष्मी नारायण हॉस्पिटल, अंबिकापुर के तत्वावधान में रविवार को प्रतापपुर में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर विभिन्न बीमारियों की जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से नि:शुल्क परामर्श प्राप्त किया।
शिविर में अलग-अलग रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को सुना तथा आवश्यक उपचार एवं सावधानियों की जानकारी दी। मेडिसिन, एंडोक्राइनोलॉजी एवं मेटाबोलिज्म, हड्डी रोग, फिजियोथेरेपी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, जनरल एवं लेप्रोस्कोपिक सर्जरी तथा हृदय रोग से संबंधित विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध रहीं।
इस दौरान डॉ. प्रतीक खरे (एमडी मेडिसिन), डॉ. अविना (डीएम एंडोक्राइनोलॉजी), डॉ. चेतन चतुर्वेदी ( हृदय रोग विशेषज्ञ ), डॉ. दीक्षा (फिजियोथेरेपिस्ट), डॉ. गौरव कुमार (हड्डी रोग विशेषज्ञ) एवं डॉ. आयुषी अग्रवाल (स्त्री रोग विशेषज्ञ) ने मरीजों की जांच कर चिकित्सकीय परामर्श दिया।
एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं मिलने से ग्रामीणों को काफी सुविधा हुई। बड़ी संख्या में लोग शिविर में पहुंचे और अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। लोगों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह के नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन से लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह लेने का अवसर मिलता है और समय पर बीमारी की पहचान एवं उपचार में मदद मिलती है।
शिविर में पहुंचे लोगों ने लक्ष्मी नारायण हॉस्पिटल, अंबिकापुर के इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताई।