सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 23 अगस्त। शेयर करेंसी में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 8.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में रेवटी चौकी पुलिस ने एक और आरोपी को बिहार के कैमूर से गिरफ्तार किया है। मामले में पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम गोवर्धनपुर निवासी सुनील पाण्डेय ने 27 फरवरी 2023 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि तीन लोगों ने शेयर करेंसी में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर उससे 8.50 लाख रुपये लिए और बदले में 17 लाख रुपये होने का दावा करते हुए एक बंद पैकेट थमा दिया। पैकेट खोलने पर उसमें नोटों के आकार में सादे कागज की गड्डियां मिलीं।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले 10 हजार रुपये लेकर अगले दिन 20 हजार रुपये वापस किए और विश्वास कायम करने के बाद बड़ी रकम निवेश करने के लिए प्रार्थी को तैयार किया। इसके बाद 8.50 लाख रुपये लेकर कागज की गड्डियों वाला पैकेट देकर फरार हो गए।
पुलिस की जांच में प्रयुक्त मोबाइल नंबर के जरिए वाराणसी के अमरेश मिश्रा और राजेश सिंह की भूमिका सामने आई। दोनों को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है और घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त की गई थी। रेवटी पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश जारी रखी। इसी दौरान आरोपी शाहजाद अंसारी निवासी शाही सराय, थाना कुदरा, जिला कैमूर, बिहार के कैमूर में होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।