सूरजपुर

बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारियों की परखी गई क्षमता
20-Aug-2026 8:58 PM
बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारियों की परखी गई क्षमता

आमगांव ओपन कास्ट माइंस में मॉकड्रिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 20 अगस्त। बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव तैयारियों को परखने के लिए गुरुवार को रामानुजनगर ब्लॉक स्थित आमगांव ओपन कास्ट माइंस में मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। कलेक्टर रेना जमील और पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने मौके पर पहुंचकर पूरी गतिविधि का अवलोकन किया।

अभ्यास के दौरान खदान क्षेत्र में जलभराव से लोगों के फंसने का काल्पनिक परिदृश्य तैयार किया गया। एसडीआरएफ, पुलिस, फायर ब्रिगेड, लाइफ गार्ड और मेडिकल टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और राहत शिविर तक पहुंचाने का पूर्वाभ्यास किया।

मॉकड्रिल के लिए स्टेजिंग एरिया, इंसिडेंट कमांड पोस्ट, राहत शिविर, रिस्पॉन्डर कैंप, अस्थायी अस्पताल, हेलीपैड, मीडिया मैनेजमेंट सहित नौ कार्यक्षेत्र बनाए गए थे। पुलिस ने यातायात डायवर्सन, अस्थायी सहायता केंद्र और वायरलेस बेस की व्यवस्था का अभ्यास किया।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एंबुलेंस, सीपीआर, रैपिड रिस्पांस टीम, सर्पदंश उपचार तथा 10 बिस्तरों वाले अस्थायी अस्पताल की व्यवस्था का प्रदर्शन किया। अग्निशमन विभाग ने रेस्क्यू संसाधन और फायर वाहन तैनात किए। विस्थापित ग्रामीणों को राहत शिविर तक पहुंचाने के लिए परिवहन व्यवस्था का भी पूर्वाभ्यास किया गया।

मॉक एक्सरसाइज का उद्देश्य बाढ़ जैसी आपदा के दौरान विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, प्रतिक्रिया समय और उपलब्ध संसाधनों की तत्परता का आकलन करना रहा। आयोजन में अपर कलेक्टर जगरनाथ वर्मा ,जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी संजय गुप्ता, एसडीएम अजय मोडियम, डिप्टी कलेक्टर रमेश मोर, सुनील अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

अभ्यास के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने में एसईसीएल विश्रामपुर प्रबंधन का सहयोग रहा।

 


अन्य पोस्ट