सूरजपुर
अब तक 4 पकड़े जा चुके हैं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर,19 अगस्त । रेलवे आरक्षित टिकटों के अवैध कारोबार के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने एक और बस चालक को गिरफ्तार कर प्रकरण में शामिल किया है। मामले की जांच के क्रम में 19 अगस्त को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट अंबिकापुर में समन के आधार पर उपस्थित हुए मनोज कुमार यादव चिरमिरी, जिला एमसीबी, वर्तमान निवासी उत्तरप्रदेश से पूछताछ की गई।
पूछताछ में मनोज कुमार यादव ने बताया कि वह पिछले करीब दो वर्षों से सिंह बस सर्विस, बनारस में चालक के रूप में कार्यरत है। उसके अनुसार अविनाश कुमार, जो सिटी पीआरएस बैकुंठपुर का कर्मचारी है, द्वारा बैकुंठपुर से दिए गए रेलवे आरक्षित टिकटों के लिफाफे को बस क्रमांक यूपी-50-सीटी-6184 के माध्यम से बनारस में संजय कुमार विश्वकर्मा तक पहुंचाता था।
मनोज ने बताया कि प्रत्येक लिफाफे के बदले उसे 200 से 250 रुपये कमीशन मिलता था। वह सप्ताह में करीब दो बार रेलवे के तत्काल आरक्षित टिकटों के लिफाफे बैकुंठपुर से बनारस पहुंचाने का काम करता था।
पूछताछ के दौरान उसने यह भी स्वीकार किया कि उसे जानकारी थी कि अविनाश कुमार और संजय कुमार विश्वकर्मा द्वारा रेलवे आरक्षित टिकटों का अवैध कारोबार किया जा रहा है। इसके बावजूद कमीशन के लालच में वह टिकटों को पहुंचाकर उनके अवैध कार्य में सहयोग करता रहा।
आरपीएफ द्वारा उसके कृत्य से अवगत कराने पर उसने अपना अपराध स्वीकार किया।
उसके बयान और पूछताछ के आधार पर मनोज कुमार यादव को पूर्व में दर्ज अपराध क्रमांक 787/26, दिनांक 16 अगस्त 2026, धारा 143 रेल अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर प्रकरण में संबद्ध किया गया है। मामले में अब तक आरपीएफ चार लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और अभी मामले में शामिल आरोपियों की पड़ताल के लिए जांच जारी है।