सूरजपुर

एसपी ने पुलिस अफसरों और जवानों को दिलाई नशामुक्ति की राष्ट्रीय शपथ
19-Aug-2026 11:15 PM
एसपी ने पुलिस अफसरों और जवानों को दिलाई नशामुक्ति की राष्ट्रीय शपथ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 19 अगस्त। पुलिस कार्यालय सूरजपुर में मंगलवार को नशामुक्ति की राष्ट्रीय शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने, समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने तथा युवाओं को नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। जिला मुख्यालय के अलावा जिले के सभी थाना एवं चौकी परिसरों में भी संबंधित प्रभारियों ने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को नशामुक्ति की राष्ट्रीय शपथ दिलाई।

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार और पूरे समाज के लिए गंभीर चुनौती है। नशे के खिलाफ केवल पुलिस कार्रवाई ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि जनजागरूकता और समाज की सामूहिक सहभागिता भी जरूरी है।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे आमजन को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।

उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।


अन्य पोस्ट