सूरजपुर

आस्था के रंग में रंगा भैयाथान, निकली भव्य कांवड़ यात्रा
19-Aug-2026 6:41 PM
आस्था के रंग में रंगा भैयाथान, निकली भव्य कांवड़ यात्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भैयाथान, 19 अगस्त। विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम गंगौटी में सावन के पावन महीने में पूरा क्षेत्र शिवभक्ति में सराबोर नजर आया। प्रत्येक वर्ष की परंपरा को कायम रखते हुए इस वर्ष भी जनपद सदस्य राजू गुप्ता की अगुवाई में भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। भगवा वस्त्रों में कांवड़ लेकर चल रहे श्रद्धालुओं के हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

गोबरी नदी से किया जल संग्रह

कांवड़ यात्रा की शुरुआत खुटरापारा स्थित गोबरी नदी से हुई। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से नदी का पवित्र जल कांवड़ में भरा और भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए यात्रा प्रारंभ की। कांवड़ लेकर श्रद्धालु निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ते रहे। इस दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

सिद्ध बाबा मंदिर में पहला जल अर्पण

यात्रा का पहला प्रमुख पड़ाव बैरीदिहारी डैम स्थित सिद्ध बाबा मंदिर रहा। यहां पहुंचकर कांवडिय़ों ने भगवान सिद्ध बाबा को पवित्र जल अर्पित किया। पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

ओमकारेश्वर बाबा मंदिर में किया जलाभिषेक

पहला जल अर्पण करने के बाद कांवड़ यात्रा आगे बढ़ते हुए गंगौटी स्थित ओमकारेश्वर बाबा मंदिर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। कांवडिय़ों ने भगवान शिव से क्षेत्र में सुख-शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की।

जयकारों से गूंजता रहा पूरा मार्ग

ृकांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के उत्साह और भक्ति का नजारा देखते ही बन रहा था। हाथों में कांवड़ और जुबां पर हर-हर महादेव, बोल बम के जयकारों के साथ श्रद्धालु आगे बढ़ते रहे। जगह-जगह लोगों ने कांवडिय़ों का स्वागत किया। पूरी यात्रा के दौरान धार्मिक उत्साह और आस्था का माहौल बना रहा।


अन्य पोस्ट