सूरजपुर
नपं कर्मियों ने अपर कलेक्टर पर मारपीट का लगाया आरोप, थाने में शिकायत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर/बिश्रामपुर, 18 अगस्त। बिश्रामपुर स्टेशन प्लेटफॉर्म पर आयोजित लाइफ लाइन एक्सप्रेस शिविर स्थल पर अव्यवस्था और गंदगी को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। नगर पंचायत बिश्रामपुर के प्लेसमेंट कर्मचारी ने अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए बिश्रामपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
नगर पंचायत के प्लेसमेंट कर्मचारी आकाश सिन्हा एवं रितेश सिंह द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, शिविर स्थल पर जलभराव और कीचड़ की स्थिति देखने पहुंचे अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा ने कर्मचारियों से लेखापाल (एकाउंटेंट) के संबंध में पूछताछ की। कर्मचारी आकाश सिन्हा द्वारा उनके अस्वस्थ होने की जानकारी दिए जाने पर बहस शुरू हो गई।
शिकायतकर्ता आकाश का आरोप है कि बहस के दौरान अपर कलेक्टर ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की और उसे वाहन में बैठा लिया। इसके अतिरिक्त, घटना की सूचना सीएमओ को दे रहे एक अन्य प्लेसमेंट कर्मचारी रितेश सिंह का मोबाइल फोन छीनकर जमीन पर पटक देने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना के बाद विभिन्न निकायों के प्लेसमेंट कर्मचारी बिश्रामपुर थाने पहुंचे और मामले में दंडात्मक कार्रवाई हेतु आवेदन सौंपा। कर्मचारियों का कहना है कि नवनिर्मित प्लेटफॉर्म क्षेत्र में वर्षा के कारण दलदल की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन द्वारा डलवाया गया गिट्टी का डस्ट पर्याप्त नहीं है। साथ ही कर्मचारियों ने ड्यूटी के दौरान भोजन और ठहरने की व्यवस्था को लेकर भी शिकायत दर्ज कराई है।
मामले में अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा से उनका पक्ष जानने हेतु संपर्क करने का प्रयास किया गया, किंतु उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ रहने के कारण उनका वक्तव्य प्राप्त नहीं हो सका।