सूरजपुर
पीएम के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिश्रामपुर, 18 अगस्त। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के आह्वान पर केंद्र सरकार की श्रम नीतियों के विरोध में कोल फेडरेशन के राष्ट्रीय महामंत्री सुजीत सिंह के नेतृत्व में देशव्यापी आंदोलन के तहत सूरजपुर जिला मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन किया गया। बस स्टैंड परिसर में आयोजित प्रदर्शन के बाद श्रमिकों ने विशाल रैली निकाली और गगनभेदी नारों के साथ प्रधानमंत्री के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान श्रमिक संगठनों ने श्रम कानूनों में श्रमिक विरोधी प्रावधानों को हटाने सहित विभिन्न मांगें उठाईं।
इनमें स्कीम कर्मियों के मानदेय में वृद्धि, ग्रेच्युटी की सीमा बढ़ाने, संविदा कर्मचारियों के लिए समान काम का समान वेतन लागू करने, ईएसआईसी की वेतन सीमा बढ़ाने तथा बोनस की गणना के लिए अधिकतम वेतन सीमा में वृद्धि की मांग प्रमुख रही।
इसके अलावा न्यूनतम ईपीएफ वेतन सीमा बढ़ाने, पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने और बोनस पात्रता की वेतन सीमा बढ़ाने सहित अन्य मांगों को भी ज्ञापन में शामिल किया गया। प्रदर्शन में बीएमएस से संबद्ध विभिन्न अनुषांगिक संगठनों के वरिष्ठ पदाधिकारी, महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से श्रमिक हितों को ध्यान में रखते हुए मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।