सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भैसामुंडा-केवरा, 17 अगस्त। अचीवमेंट कॉन्वेंट स्कूल, भैसामुंडा-केवरा (सूरजपुर )में आयोजित विशेष कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति, संस्कृति और प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओत-प्रोत भाषण, गीत एवं मनमोहक लोकनृत्य ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। नन्हे विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों पर पूरा परिसर तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद प्रतिनिधि एवं मीडिया प्रभारी मनीष मिश्रा उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच और मार्गदर्शन देने की है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में संस्कार, राष्ट्रप्रेम और अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना भी बेहद जरूरी है।
संस्था प्रमुख एवं प्राचार्य सीमा डे के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, अभिभावक एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में शामिल हुए और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, भाषणों और स्थानीय लोकनृत्य के माध्यम से देशप्रेम के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की। बच्चों के आत्मविश्वास और शानदार मंच संचालन ने सभी को प्रभावित किया।
अतिथियों ने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकगण को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें आगे बढऩे का अवसर देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं ग्रामीणजनों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय रहा और उपस्थित लोगों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की जमकर सराहना की।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता रामधन राजवाड़े, जनप्रतिनिधि सूरज नाविक, कौशल राजवाड़े एवं मोहम्मद अब्दुल सहित अन्य गणमान्य नागरिक, उपस्थित रहे।