सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर,16 अगस्त। सूरजपुर जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय सूरजपुर के स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ की प्रस्तुति से पूरा स्टेडियम राष्ट्रभक्ति के भाव से सराबोर हो गया।
इस अवसर पर मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जनता के नाम प्रसारित संदेश का वाचन किया और जिलेवासियों को 80 वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े तथा शांति के प्रतीक सफेद कबूतर उड़ाकर शांति, सद्भावना और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। गुब्बारों और कबूतरों के उड़ान भरने के दृश्य का उपस्थित जनसमूह ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।
समारोह में परेड कमांडर के नेतृत्व में 13 विभिन्न प्लाटूनों ने बैंड की मधुर धुन पर आकर्षक मार्च पास्ट किया। अनुशासित कदमताल और शानदार परेड समारोह का प्रमुख आकर्षण रही। मुख्य अतिथि ने शहीद जवानों के परिजनों को शॉल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। साथ ही विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
देशभक्ति प्रस्तुतियों ने बांधा समां
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल, ग्लोबल पब्लिक स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर और कला केंद्र सूरजपुर के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर आधारित रंगारंग नृत्य एवं मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। तिरंगामय वेशभूषा में बच्चों की उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों ने पूरे स्टेडियम में देशभक्ति का उल्लास भर दिया। दर्शकों ने तालियों की गडग़ड़ाहट से प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में पीएम श्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय नवापारा सूरजपुर ने प्रथम, पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास सूरजपुर ने द्वितीय तथा कला केंद्र ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को मुख्य अतिथि ने पुरस्कृत किया।
समारोह में वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणी पैकरा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती कुसुमलता राजवाड़े, जनपद पंचायत सूरजपुर अध्यक्ष श्रीमती स्वाति संत सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
इस दौरान कलेक्टर रेना जमील, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र पाटले सहित जिले के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी उपस्थित रहे।