सूरजपुर

बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता-मंत्री लक्ष्मी
13-Aug-2026 8:10 PM
बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता-मंत्री लक्ष्मी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भैयाथान, 13 अगस्त। विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत दर्रीपारा में स्थित हाई स्कूल में सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में भटगांव विधायक एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने विद्यालय की 34 छात्राओं को साइकिल वितरित कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष सुनील साहू, जनपद उपाध्यक्ष राजीव प्रताप सिंह, चिंतावन राजवाड़े, शांतनु गोयल, अमन प्रताप सिंह, राकेश पाठक, अभय गुप्ता, नितिन तिवारी, रूपेंद्र कुशवाहा, अभिषेक गुप्ता, त्रिलोक पटेल, प्राचार्य विजय गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।

इस अवसर पर छात्राओं को संबोधित करते हुए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि बेटियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे साइकिल का सदुपयोग करते हुए नियमित रूप से स्कूल आएं और मन लगाकर पढ़ाई करें।

उन्होंने कहा कि आज के समय में बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। शिक्षा ही वह माध्यम है जिसके जरिए बेटियां अपने सपनों को साकार कर सकती हैं और परिवार, समाज तथा प्रदेश का नाम रोशन कर सकती हैं।

उन्होंने छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढऩे तथा अपने माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया।

मंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और छात्र-छात्राओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ बेटियों की शिक्षा को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।


अन्य पोस्ट