सूरजपुर
मुख्य गेट पर ताला जड़ प्रदर्शन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 11 अगस्त। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिलफिली के प्राचार्य पर स्कूल स्टॉफ से अभद्रता एवं छात्राओं से अश्लील हरकत करने का आरोप लगाते हुए मंगलवार दोपहर छात्र-छात्राओं ने प्राचार्य के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया। स्कूल के प्रवेश द्वार में ताला जडक़र प्राचार्य के खिलाफ कार्यवाही और उन्हें विद्यालय से पृथक करने की मांग को लेकर घंटों प्रदर्शन किया। स्कूली बच्चों के विरोध प्रदर्शन की सूचना पर लटोरी तहसीलदार चंद्रशिला जायसवाल बीईओ हरेंद्र सिंह सहित जयनगर पुलिस मौके पर पहुंच स्कूली बच्चों से बात कर उनका पक्ष जाना।
बताया जाता है कि तहसीलदार सहित बीईओ ने प्राचार्य सहित स्कूली शिक्षकों से भी उनका पक्ष जानने बयान लिया जिसमें बच्चों की शिकायत सही मिली है। जिसके बाद प्राचार्य के खिलाफ पखवाड़े भर के भीतर अनुशासनात्मक कार्रवाई का बच्चों को आश्वासन दिया गया है, साथ ही तात्कालिक रूप से प्राचार्य को संस्था से पृथक रखने विभागीय स्तर पर व्यवस्था किए जाने का लिखित आश्वासन मिलने के दो ढाई घंटे बाद बच्चों ने विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया है।
प्राचार्य आईडी खलखो पर आरोप है कि विद्यालय की महिला कर्मी के घर में अकेले रहने के बाबजूद उसके घर में प्रवेश करने की कोशिश की गई। साथ ही महिला कर्मी से एक लाख रु की मांग करने उसके ऊपर दबाव बनाने और यह कहना कि उसे जिला शिक्षा अधिकारी बनना है पैसे की आवश्यकता है वह पैसा जमा कर रहा है, अगर वह पैसा नहीं देगी तो उसे वह परेशान कर देगा। इसके अतिरिक्त विद्यालय में शराब पीकर पहुंचने, विद्यालय के कर्मियों से अभद्र व्यवहार सहित छात्र-छात्राओं से अश्लील व्यवहार के आरोप लगे हैं।