सूरजपुर

हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा देवगढ़ धाम
10-Aug-2026 9:24 PM
हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा देवगढ़ धाम

7 हजार से अधिक कांवरियों ने किया अर्धनारीश्वर शिवलिंग का जलाभिषेक

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर,10 अगस्त। रेणुका नदी के सूरजपुर स्थित छठ घाट से जल लेकर ऐतिहासिक, धार्मिक एवं पुरातात्विक महत्व के देवगढ़ धाम पहुंचे हजारों कांवरियों ने हर-हर महादेव के जयकारों के बीच जमदग्नि ऋषि की तपोभूमि में विराजमान प्राचीन अर्धनारीश्वर शिवलिंग का जलाभिषेक किया।

मां कुदरगढ़ी सेवा परिवार के तत्वावधान में आयोजित कांवर पदयात्रा को लेकर शिवभक्तों में खासा उत्साह रहा। सूरजपुर छठ घाट से कांवरियों ने रेणुका नदी का पवित्र जल उठाया और पदयात्रा करते हुए देवगढ़ धाम पहुंचकर भगवान अर्धनारीश्वर का जलाभिषेक किया। यात्रा के दौरान पूरा मार्ग बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा।

देवगढ़ में भव्य जागरण, रातभर भजनों पर झूमे श्रद्धालु

कांवर यात्रा के साथ देवगढ़ धाम में मां कुदरगढ़ी सेवा परिवार द्वारा विशाल एवं भव्य जागरण का आयोजन किया गया। भक्ति गीतों और शिव भजनों की अमृतवर्षा के बीच शिवभक्त देर रात तक झूमते रहे। देवगढ़ में लगातार ग्यारहवें वर्ष आयोजित इस जागरण में सूरजपुर के अलावा बिश्रामपुर, अंबिकापुर, बिलासपुर, लखनपुर, उदयपुर, बैकुंठपुर, मनेन्द्रगढ़, डांडग़ांव, केतका और महंगई सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

आयोजन को लेकर सेवा परिवार के सदस्य पिछले करीब एक माह से तैयारियों में जुटे हुए थे।

कांवरियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर समाजसेवियों, समितियों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा नि:शुल्क कांवर स्टैंड, पेयजल, स्वल्पाहार और भोजन की व्यवस्था की गई।

छठ घाट से देवगढ़ तक जगह-जगह हुई सेवा

कांवर यात्रा के दौरान छठ घाट से लेकर देवगढ़ धाम तक श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए। छठ घाट पर अनूप अग्रवाल, अरुण गुप्ता और बसंत मिश्रा द्वारा व्यवस्था की गई। महामाया चौक में पन्नू साहू, फल विक्रेता संघ, जिला साहू समाज एवं डॉ. विकास जायसवाल के सहयोग से श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था रही।

लांची में लालचंद अग्रवाल, मां शारदा सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति नमदगिरी रोड सूरजपुर, पासिंग नाला में नव युवा जागृति मंच तथा केतका रोड में सवारियां सेठ समिति ने कांवरियों की सेवा की। केतका में बैजनाथ अग्रवाल, राजापुर में जय बर्फानी सेवा समिति, महंगई में विजय कुमार एवं विष्णु राम, श्री श्याम सेवा समिति सूरजपुर तथा बड़पारा में नलिन जिंदल के सहयोग से श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं की गईं।

देवगढ़ धाम में राहुल अग्रवाल एवं टीम द्वारा सेवा की गई। रात्रि में मां कुदरगढ़ी सेवा परिवार के सदस्यों ने मोर्चा संभाला, जबकि दूसरे दिन विनोद कुमार एवं विकास कुमार, अंबिकापुर के सहयोग से पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई। रौनक जैन सहित अन्य समाजसेवियों एवं संस्थाओं ने भी नि:शुल्क सेवा प्रदान की।

सेवा कार्यों की हुई सराहना

कांवर यात्रा के दौरान मार्ग में समाजसेवियों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा की गई नि:शुल्क व्यवस्थाओं की श्रद्धालुओं ने जमकर सराहना की। भीषण गर्मी और लंबी पदयात्रा के बीच जगह-जगह उपलब्ध कराए गए ठंडे पानी, जलपान और भोजन से कांवरियों को काफी राहत मिली। सेवा शिविरों में पूरे उत्साह के साथ कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं की सेवा की।

आयोजन को सफल बनाने में पवन गर्ग, सुभाष गोयल, कालीचरण अग्रवाल, राजेश मित्तल, पवन अग्रवाल, चिंटू अग्रवाल, पंकज चौबे, गोलू जिंदिया, नवीन सिंघल, मुकेश अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, बंटी जिंदिया, घनश्याम गोयल, विकास जैन, राजेश डालमिया, नलिन जिंदल, रूपेश मित्तल, प्रणव अग्रवाल सहित मां कुदरगढ़ी सेवा परिवार के सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।

कांवर यात्रा के दौरान उमड़े श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और हर-हर महादेव के जयघोष से देवगढ़ धाम सहित पूरा यात्रा मार्ग शिवमय नजर आया।


अन्य पोस्ट