सूरजपुर
सूरजपुर, 8 अगस्त। श्री श्याम भक्त मंडल सूरजपुर के तत्वावधान में 18 अगस्त को रंगमंच स्थित 25 हजार वर्गफुट के टेनसाइल डोम में आयोजित होने वाले श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव ‘भरोसा’ की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आयोजन को लेकर शहर में श्याम भक्ति का माहौल बन चुका है और श्याम भक्त दिन-रात व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण विश्व विख्यात भजन गायक कन्हैया मित्तल (चंडीगढ़) होंगे, जो पहली बार सूरजपुर में बाबा श्याम के भजनों की प्रस्तुति देंगे। उनके साथ प्रसिद्ध भजन गायक गौरी शरण (इंदौर) भी अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को श्याम भक्ति में सराबोर करेंगे। पूरी रात चलने वाले संकीर्तन में भजनों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय रहेगा।
आयोजन समिति के अनुसार बाबा श्याम के दरबार को भव्य और दिव्य स्वरूप देने के लिए कोलकाता से विशेष फूल सज्जा एवं दरबार सेवकों को आमंत्रित किया गया है। पुष्प सज्जा, दिव्य श्रृंगार, इत्र वर्षा और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी।