सूरजपुर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
सूरजपुर, 7 अगस्त। प्रतापपुर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित अपहरण और हत्या मामले में पुलिस को बड़ी कानूनी सफलता मिली है। पहले जमानत पर रिहा किए गए 10 आरोपियों के खिलाफ थाना प्रतापपुर पुलिस ने पुनरीक्षण याचिका (रिवीजन पिटीशन) दायर की, जिसे स्वीकार करते हुए न्यायालय ने सभी आरोपियों को 20 अगस्त तक 15 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया है।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई को ग्राम गोंदा निवासी सम्पतिया सूर्यवंशी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि 23 जुलाई की रात करीब 9 बजे ललित राजवाड़े समेत कई लोग घर में घुसकर हरिनंदन राजवाड़े के साथ मारपीट करते हुए उसका अपहरण कर ले गए। बाद में उसे भैंसामुड़ा के केंवरा चौक के पास गंभीर हालत में फेंककर आरोपी फरार हो गए। अस्पताल ले जाने पर हरिनंदन की मौत हो गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने साक्ष्य और गवाहों के आधार पर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा उनकी निशानदेही पर 3 डंडे और 4 मोटरसाइकिल बरामद कीं। हालांकि 27 जुलाई को न्यायालय ने रिमांड आवेदन खारिज करते हुए आरोपियों को 50-50 हजार रुपये के निजी मुचलके पर रिहा कर दिया था।
इसके बाद पुलिस ने जिला अभियोजन अधिकारी के मार्गदर्शन में उक्त आदेश के खिलाफ पुनरीक्षण याचिका दायर की। जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश, प्रतापपुर ने पुलिस की दलीलों को स्वीकार करते हुए पूर्व आदेश निरस्त कर दिया। इसके बाद 6 अगस्त को पुलिस ने आरोपियों को पुन: न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को 20 अगस्त तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर मामले की विवेचना जारी है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश तेज़ी से की जा रही है।