सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर,6 अगस्त। साधु राम विद्या मंदिर सूरजपुर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय एमपावर इंटर स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल रहे। कार्यक्रम की शुरुआत खिलाडिय़ों के परिचय, ध्वजारोहण, दीप प्रज्ज्वलन और अतिथियों के स्वागत के साथ हुई।
अपने संबोधन में एसपी योगेश पटेल ने कहा कि खेल मेहनत, अनुशासन और टीम भावना का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से हार से निराश न होने और जीत पर अहंकार न करने की सीख देते हुए सकारात्मक सोच के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा में आगे बढऩे का संदेश दिया। उन्होंने अपनी पढ़ाई और यूपीएससी की तैयारी के अनुभव भी छात्रों के साथ साझा किए।
कार्यक्रम में एमपावर के डायरेक्टर गोविंद मुदलियार, एचआर निधि, साधु राम विद्या मंदिर के डायरेक्टर डॉ. राहुल अग्रवाल, एसएमसी अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, पूर्व पार्षद संजय डोसी, प्राचार्या खुशबू सिंह एवं उप-प्राचार्य दीन दयाल तिवारी सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला कोलंबिया ग्लोबल स्कूल, रायपुर और रिवरडेल वर्ल्ड स्कूल, गोंदिया के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद पेनल्टी शूटआउट में रिवरडेल वर्ल्ड स्कूल ने 3-1 से जीत दर्ज कर विजयी शुरुआत की।
तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता का समापन एवं फाइनल मुकाबला 8 अगस्त को खेला जाएगा। उद्घाटन समारोह में प्रतिभागी विद्यालयों के शिक्षक, प्रशिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।