सूरजपुर

ओवरमेन ग्रेड-बी पदोन्नति में विसंगति दूर करने की मांग, एटक ने एसईसीएल प्रबंधन को लिखा पत्र
06-Aug-2026 11:06 PM
ओवरमेन ग्रेड-बी पदोन्नति में विसंगति दूर करने की मांग, एटक   ने एसईसीएल प्रबंधन को लिखा पत्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिश्रामपुर, 6 अगस्त। संयुक्त कोयला मजदूर संघ (एटक) के महासचिव अजय विश्वकर्मा ने माइनिंग सरदार (पीसीएसए ग्रेड-बी) से ओवरमेन ग्रेड-बी में पदोन्नति प्रक्रिया में व्याप्त विसंगतियों को दूर करने तथा स्वीकृत पदों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर एसईसीएल प्रबंधन को पत्र भेजा है।

पत्र में कहा गया है कि वर्तमान पदोन्नति व्यवस्था के कारण डीजीएमएस ओवरमेन सर्टिफिकेट प्राप्त पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा है। ओवरमेन ग्रेड-बी के स्वीकृत पद सीमित होने से कई कर्मचारी वर्षों से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जिससे उनके कैरियर की प्रगति प्रभावित हो रही है।

संघ ने प्रबंधन से मांग की है कि पदोन्नति नीति की समीक्षा कर इसे अधिक न्यायसंगत बनाया जाए।

साथ ही सभी क्षेत्रों में ओवरमेन ग्रेड-बी के स्वीकृत पदों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि लंबे समय से प्रतीक्षारत पात्र कर्मचारियों को शीघ्र पदोन्नति का लाभ मिल सके।

महासचिव अजय विश्वकर्मा ने कहा कि कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रबंधन को इस मामले में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए, जिससे पदोन्नति प्रक्रिया में पारदर्शिता आए और पात्र कर्मचारियों को समय पर उनका अधिकार मिल सके।


अन्य पोस्ट