सूरजपुर

रामानुजनगर में सागौन तस्करी, पिकअप जब्त, चालक समेत 3 पकड़ाए
04-Aug-2026 8:43 PM
रामानुजनगर में सागौन तस्करी, पिकअप जब्त, चालक समेत 3 पकड़ाए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 4 अगस्त। सूरजपुर जिले के रामानुजनगर वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध काष्ठ परिवहन के खिलाफ  कार्रवाई करते हुए सागौन के ल_ों से लदे एक पिकअप जब्त कर वाहन चालक सहित 3 आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम की कार्यवाही की है। यह कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रात्रिकालीन गश्त के दौरान की गई।

वन विभाग के अनुसार, 2 अगस्त की रात अवैध वनोपज परिवहन की सूचना मिलने पर वनपरिक्षेत्राधिकारी पूजा यादव के निर्देशन में वनकर्मियों की टीम गठित कर क्षेत्र में सघन गश्त शुरू की गई।  तीन अगस्त की सुबह करीब 3 बजे परिसर छिंदिया के जंगल क्षेत्र में एक संदिग्ध पिकअप वाहन (क्रमांक सीजी-15 एसी-1294 को रोककर जांच की गई।

जांच में वाहन पर सागौन प्रजाति के चार ल_े लोड मिले। वन अमले को देखते ही काष्ठ लोड कर रहे लोग मौके से फरार हो गए। चालक से पूछताछ के दौरान वह लकड़ी परिवहन से संबंधित कोई वैध अनुज्ञप्ति या पास प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके बाद वन विभाग ने वाहन और सागौन काष्ठ को जब्त कर भारतीय वन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज किया। जब्त वाहन और वनोपज को वन परिक्षेत्र कार्यालय रामानुजनगर में सुरक्षित रखा गया है। पकड़े गए आरोपियों में चालक समेत सूरज साहू, कमलेश साहू निवासी सुमेरपुर शामिल हैं।


अन्य पोस्ट