सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर,4 अगस्त। पर्यटन स्थल मोरड़ी डैम (मोरभंज) के समीप कारों से खतरनाक स्टंट करना तीन युवकों को महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर स्टंटबाजी का वीडियो वायरल होने के बाद जयनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने स्टंट में इस्तेमाल की गई तीन कारों को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी विपिन पाल कंचननगर थाना रामानुजगंज (जिला बलरामपुर), धनंजय राव उर्फ चिन्नू गांधीनगर (सरगुजा) तथा मो. लतीफराजा पडक़ीपारा, करवां थाना जयनगर ने मोरड़ी डेम के पास खुले मैदान में तेज रफ्तार और लापरवाही से कारें चलाकर खतरनाक स्टंट किए।
घटना के समय पर्यटन स्थल पर बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग मौजूद थे। आरोपियों की लापरवाही से किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। इस दौरान किसी व्यक्ति ने स्टंटबाजी का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद जयनगर पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपियों के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने एवं सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में मामला दर्ज किया। जांच के बाद 3 अगस्त को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने स्टंट में प्रयुक्त तीन कारें सीजी 15 ईएफ 9534, सीजी 10 एवाई 9221 तथा सीजी 04 एचडी 5700 को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस ने कहा है कि पर्यटन स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार की स्टंटबाजी कानून का उल्लंघन है और इससे आम लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है।
ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।