सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 2 अगस्त। सूरजपुर जिला के थाना झिलमिली पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक नाबालिग सहित चार आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 4.15 लाख रुपये मूल्य की चोरी की संपत्ति बरामद की है। जब्त सामान में दो मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन, एक एयरबड, दो पानी की टंकियां तथा घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया, पुराने अपराधियों की जांच की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके बाद चार मामलों का खुलासा हुआ।
पहले मामले में करकोटी स्थित मोबाइल दुकान का शटर तोडक़र मोबाइल, चार्जर, एयरबड और नकदी चोरी करने के मामले में छोटू अगरिया, शेखर साहू तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा गया। इनके कब्जे से पांच मोबाइल, एक एयरबड तथा बसदेई चौकी क्षेत्र से चोरी गई पल्सर मोटरसाइकिल सहित लगभग 3.50 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया।
दूसरे मामले में भैयाथान साप्ताहिक बाजार से चोरी हुई प्लेटिना मोटरसाइकिल के मामले में शिवा देवांगन को गिरफ्तार कर करीब 50 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल बरामद की गई।
तीसरे मामले में प्राथमिक शाला उपरपारा केवरा से चोरी हुई दो पानी की टंकियों के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी लला कोल को गिरफ्तार कर दोनों टंकियां बरामद कर लीं, जिनकी कीमत लगभग 15 हजार रुपये है।
वहीं चौथे मामले में बसदेई चौकी क्षेत्र से चोरी हुई पल्सर एनएस मोटरसाइकिल के संबंध में आरोपी प्रदुमन बघेल को अग्रिम कार्रवाई के लिए बसदेई पुलिस को सौंपा गया।