सूरजपुर
सूरजपुर,1 अगस्त। सूरजपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के चंपक नगर में तालाब में नहाने के दौरान दो बच्चों के डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चों के शवों के बरामदगी के बाद पीएम उपरांत परिजनों को सौंप दिया गया है।
बताया गया कि गुरुवार को चंपक नगर निवासी राधेश्याम रजक के पांच वर्षीय पुत्र मनीष रजक एवं बुधराम गोंड के पांच वर्षीय पुत्र प्रिंस सिंह अन्य साथियों के साथ गांव में खेलकूद रहे थे, इसी दौरान दोनों बच्चे ढोढीपारा स्थित तालाब मेंनहाने के लिए उतर गए और देखते देखते पानी में डूब गए।
साथी बच्चों द्वारा परिजनों को प्रिंस और मनीष के तालाब की ओर जाते देखे जाने की जानकारी दी, जिसके बाद दोनों को तलाश करते परिजन तालाब पहुंचे और ढूंढने लगे। कुछ देर बाद दोनों बच्चों का शव तालाब से बरामद हुआ। दोनों को लेकर अस्पताल पहुंचे, जांच बाद चिकित्सक ने दोनों की मौत की पुष्टि की। दूसरे दिवस पीएम पंचनामा उपरांत बॉडी परिजनों को सौंप दिया है।
घटना से चंपक नगर में शोक व मातम की स्थिति बनी है। हाल में एक एक सप्ताह के भीतर तीन अलग-अलग घटनाओं में चार मासूमों की मौत हो गई है। घटना से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। घटना गुरुवार देर शाम की बताई गई है।