सूरजपुर

किरायेदारों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य
01-Aug-2026 9:36 PM
किरायेदारों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य

सूरजपुर,1 अगस्त। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी रेना जमी़ल ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 163 के तहत नया आदेश जारी किया है। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के प्रतिवेदन पर जारी यह आदेश जिले के सभी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

आदेश के अनुसार अब किसी भी मकान, दुकान, भवन या अन्य परिसर को किराये पर देने से पहले संबंधित किरायेदार का पुलिस सत्यापन कराना अनिवार्य होगा। मकान मालिकों को किरायेदार का नाम, पता, मोबाइल नंबर, पहचान-पत्र सहित अन्य आवश्यक जानकारी निकटतम थाना या चौकी में जमा करनी होगी। बिना सत्यापन किसी भी व्यक्ति को किराये पर आवास या भवन उपलब्ध नहीं कराया जा सकेगा।

इसके अलावा होटल, लॉज, ढाबों तथा निजी संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों का विवरण भी संबंधित थाना में देना होगा। यदि कोई किरायेदार या संदिग्ध व्यक्ति आपराधिक अथवा संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त दिखाई देता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को देना अनिवार्य होगी।

कलेक्टर ने आदेश में कहा है कि किरायेदारों का सत्यापन नहीं होने के कारण कई बार अपराधी अपनी पहचान छिपाकर वारदातों को अंजाम देते हैं। ऐसे मामलों की रोकथाम और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई है।

आदेश का उल्लंघन भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 के तहत दण्डनीय होगा। यह आदेश जारी होने की तिथि से 60 दिनों तक अथवा अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने जिलेवासियों, मकान मालिकों, होटल संचालकों और संस्थान प्रमुखों से आदेश का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि किरायेदारों का सत्यापन केवल कानूनी प्रक्रिया नहीं, बल्कि समाज और परिवार की सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। सभी के सहयोग से ही सूरजपुर को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और अपराधमुक्त बनाया जा सकता है।


अन्य पोस्ट