सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 29 जुलाई। सूरजपुर जिले के दूरस्थ चांदनी बिहारपुर क्षेत्र को आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी सौगात मिली है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चांदनी बिहारपुर से नई एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। लगभग 18 लाख रुपये की लागत से उपलब्ध कराई गई इस एम्बुलेंस से क्षेत्र की 28 ग्राम पंचायतों के 39 हजार 325 से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं, दुर्घटना में घायल व्यक्तियों और गंभीर मरीजों के लिए समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होना जीवनरक्षक साबित होता है। नई एम्बुलेंस सेवा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित स्वास्थ्य सहायता सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने बताया कि अब तक क्षेत्र के ग्रामीणों को गंभीर बीमारी, दुर्घटना या प्रसव जैसी स्थितियों में इलाज के लिए दूरस्थ शहरों पर निर्भर रहना पड़ता था। समय पर वाहन उपलब्ध नहीं होने से मरीजों और परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब नई एम्बुलेंस के माध्यम से मरीजों को शीघ्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और आवश्यकता पडऩे पर उच्च चिकित्सा संस्थानों तक पहुंचाया जा सकेगा।
मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन महिलाओं, बच्चों और आमजन के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार प्रत्येक गांव और प्रत्येक परिवार तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। यह नई एम्बुलेंस ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत करने के साथ लोगों का स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति विश्वास भी बढ़ाएगी।
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने राज्य शासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई एम्बुलेंस के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध होगा और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं पहले की तुलना में अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनेंगी।