सूरजपुर

खाद कालाबाजारी दोषियों पर कार्रवाई की मांग, कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
29-Jul-2026 10:23 PM
खाद कालाबाजारी दोषियों पर कार्रवाई की मांग, कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 29 जुलाई। जिला कांग्रेस कमेटी सूरजपुर ने जयनगर स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति में कथित उर्वरक कालाबाजारी के मामले में समिति के पूर्व प्रबंधक श्यामलाल प्रजापति एवं अध्यक्ष/पूर्व प्राधिकृत अधिकारी भाजपा जिला उपाध्यक्ष देवधन राम बिझिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। इस संबंध में जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों के लिए उपलब्ध कराए जाने वाले उर्वरक की कालाबाजारी की गई, जिससे किसानों को समय पर खाद नहीं मिल सकी और उन्हें बाजार से अधिक कीमत पर उर्वरक खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ा।

कांग्रेस ने दावा किया है कि विभागीय जांच में लाखों रुपये के उर्वरक की कथित कालाबाजारी की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने समिति प्रबंधक श्यामलाल प्रजापति को निलंबित कर दिया तथा अध्यक्ष एवं प्राधिकृत अधिकारी देवधन राम बिझिया को पद से हटाकर नए प्राधिकृत अधिकारी की नियुक्ति की है। इसके बावजूद अब तक आपराधिक प्रकरण दर्ज नहीं किए जाने पर सवाल उठाए हैं।

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि राजनीतिक दबाव के कारण संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई।

साथ ही यह उल्लेख किया गया है कि पूर्व प्रबंधक श्यामलाल प्रजापति पर पहले भी वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लग चुके हैं।

कांग्रेस ने मांग की है कि दोनों आरोपितों के विरुद्ध उर्वरक की कथित कालाबाजारी के मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए। चेतावनी दी गई है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष शशि सिंह,महामंत्री संजय डोसी,वेद प्रकाश मिश्रा,कंवल बिहारी,विक्की समद्दार सहित अन्य उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट