सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 28 जुलाई। गौ सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण के तहत सोमवार को सूरजपुर सहित देशभर के सभी जिलों में गौहत्या-निषेध के लिए केंद्रीय कानून, गौमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान, केंद्रीय गो मंत्रालय की स्थापना समेत 30 से अधिक प्रमुख मांगों को लेकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। अभियान के तहत देशभर से 15 करोड़ से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षरों सहित प्रार्थना-पत्र सरकार को भेजे गए।
सूरजपुर जिले की ओर से 1,83,578 नागरिकों के हस्ताक्षरों का संकलित डाटा, 7,215 पन्नों एवं पेनड्राइव के साथ कलेक्टर के माध्यम से भारत सरकार को प्रेषित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत शुभ मुहूर्त में गोमाता के पूजन, शंखनाद एवं श्री राम जय राम जय जय राम विजय मंत्र के सामूहिक जप से हुई। इसके बाद गोभक्तों ने झंडे, बैनर, प्लेकार्ड और भजन-कीर्तन के साथ रंगमंच मैदान से कलेक्ट्रेट तक शांतिपूर्ण प्रार्थना-यात्रा निकाली। यात्रा में भगवान श्रीकृष्ण-बलराम एवं गोमाता की आकर्षक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं।
कलेक्टोरेट पहुंचने पर संत-महात्माओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन एवं हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना-पत्र सौंपा।
अभियान के प्रतिनिधियों ने कहा कि गोमाता भारतीय संस्कृति, कृषि, पर्यावरण, ग्राम्य अर्थव्यवस्था और जनकल्याण का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने सरकार से गोहत्या-निषेध के लिए केंद्रीय कानून बनाने, गोचर भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने, केंद्रीय गो मंत्रालय की स्थापना और अन्य मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।
उल्लेखनीय है कि अभियान के प्रथम चरण में 27 अप्रैल 2026 को देशभर की लगभग 5,000 तहसीलों के माध्यम से 5 करोड़ से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना-पत्र सरकार को सौंपे गए थे। अपेक्षित निर्णय नहीं होने पर दूसरे चरण में देशभर के जिलों से 15 करोड़ से अधिक हस्ताक्षरों के साथ पुन: अनुस्मारक ज्ञापन प्रेषित किया गया।
इस अवसर पर जिले के संत-महात्मा, विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, मातृशक्ति, युवा, किसान, व्यापारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में गौभक्त उपस्थित रहे।