सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर,27 जुलाई। सूरजपुर जिला मुख्यालय स्थित नेहरू पार्क में रविवार शाम एक युवती की चाकू मारकर हत्या किए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी युवक को कुछ ही देर में गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान राधिका राजवाड़े लटोरी के रूप में हुई है। वह सूरजपुर में रहकर घरेलू काम करती थी। रविवार शाम करीब 7.45 बजे वह सूरजपुर स्थित नेहरू पार्क घूमने गई थी, जहां उसका परिचित रितेश राजवाड़े पहले से मौजूद था।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपी ने चाकू निकालकर राधिका की गर्दन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती खून से लथपथ हालत में कुछ दूर तक दौड़ी, लेकिन थोड़ी देर बाद पार्क में ही गिर पड़ी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया। हालांकि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पीढ़ा के पास स्थित नर्सरी क्षेत्र से आरोपी रितेश राजवाड़े को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसे युवती के किसी अन्य युवक से संबंध होने का संदेह था, जिसके चलते उसने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। आरोपी के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।