सूरजपुर
समय पर अस्पताल पहुंचाने की अपील
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर,27 जुलाई। कलेक्टर रेना जमील के निर्देश तथा जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.डी. पैंकरा के मार्गदर्शन में रविवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला स्तरीय बैगा-गुनिया सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए बैगा-गुनिया और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
सम्मेलन में सर्पदंश, मौसमी बीमारियों और क्षय रोग (टीबी) की रोकथाम, बचाव तथा समय पर उपचार को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई। चिकित्सा अधिकारियों ने बैगा-गुनिया समुदाय से आग्रह किया कि सर्पदंश या गंभीर बीमारी की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय मरीजों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल भेजें, ताकि समय पर उपचार से जनहानि रोकी जा सके।
जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले ने बैगा-गुनिया समुदाय से पारंपरिक आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों और औषधीय ज्ञान का दस्तावेजीकरण कर उसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह समाज की अमूल्य धरोहर है, जिसके संरक्षण और संवर्धन की आवश्यकता है।
सीएमएचओ डॉ. के.डी. पैंकरा ने कहा कि सर्पदंश के मामलों में मरीज को शीघ्र अस्पताल पहुंचाना ही जीवन बचाने का सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने टीबी और अन्य मौसमी बीमारियों के लक्षणों की पहचान कर समय पर जांच एवं उपचार कराने की भी अपील की।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि ठाकुर राजवाड़े ने कहा कि बैगा-गुनिया और स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य जनजीवन की रक्षा करना है। उन्होंने सभी से मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करने का आग्रह किया। साथ ही मंत्री की पहल पर चल रहे प्रदेशव्यापी अभियान के तहत वर्षा ऋतु में अधिक से अधिक मुनगा (सहजन) के पौधे लगाने तथा उसके औषधीय एवं पोषण संबंधी गुणों के प्रचार-प्रसार का भी संदेश दिया।