सूरजपुर

कलेक्टर ने कृष्णपुर और बतरा जलाशय का किया निरीक्षण, जलस्तर की निगरानी के निर्देश
22-Jul-2026 9:32 PM
कलेक्टर ने कृष्णपुर और बतरा जलाशय का किया निरीक्षण, जलस्तर की निगरानी के निर्देश

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 22 जुलाई। कलेक्टर रेना जमील ने मंगलवार को कृष्णपुर एवं बतरा जलाशय का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने आगामी सत्र में बतरा जलाशय की डिसिल्टिंग के लिए प्रस्ताव तैयार करने तथा बांध के हेड स्लूज पर गेट और रैलिंग लगाने के निर्देश दिए। साथ ही जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को जलाशयों के जलस्तर की लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए कलेक्टर ने सभी एसडीएम, तहसीलदारों एवं क्षेत्रीय अधिकारियों को सतर्क रहने और अपने क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए त्वरित कार्रवाई के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहे।

कलेक्टर ने पटवारी, सचिव एवं अन्य मैदानी अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने तथा जनपद पंचायत सीईओ को सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।

प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए संयुक्त जिला कार्यालय सूरजपुर में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। आमजन किसी भी आपदा या आपात स्थिति की सूचना 07775-266116 पर दे सकते हैं, जिससे तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।


अन्य पोस्ट