सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 21 जुलाई। न्यायालय में कूटरचित दस्तावेज प्रस्तुत कर आरोपियों की जमानत कराने के एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए सूरजपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने देव प्रताप सिंह ग्राम अजबनगर (रंगपारा), थाना जयनगर को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया से छेड़छाड़ के मामले में कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार अपराध में आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 318(4), 319 एवं 337 के तहत मामला दर्ज किया गया है। विवेचना में सामने आया कि आरोपी ने अपने पिता के नाम से फर्जी आधार कार्ड तैयार कराया और स्वयं को पिता बताकर न्यायालय में प्रस्तुत हुआ। इसके बाद उसने अपने पिता के स्थान पर हस्ताक्षर कर आरोपियों की जमानत कराई।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी के खिलाफ इस प्रकार के मामलों की पहले से जांच चल रही है। आरोपी द्वारा सूरजपुर न्यायालय के आपराधिक प्रकरण क्रमांक 28/2025 एवं 30/2025 में भी कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आरोपियों की जमानत कराने की बात सामने आई है। वहीं अंबिकापुर न्यायालय में भी इसी तरह के एक मामले की जांच जारी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को धारा 35(ए) बीएनएसएस के तहत नोटिस देकर जांच में शामिल होने के लिए बुलाया गया था, लेकिन उसने सहयोग नहीं किया। साथ ही फर्जी आधार कार्ड कहां बनवाया गया और उसे कहां रखा गया, इसकी भी स्पष्ट जानकारी नहीं दी, जिससे दस्तावेज की बरामदगी नहीं हो सकी।
पुलिस का कहना है कि आरोपी द्वारा विभिन्न न्यायालयों में बार-बार कूटरचित दस्तावेजों का उपयोग किए जाने के तथ्य सामने आए हैं। इसी को देखते हुए 17 जुलाई 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने अन्य किन-किन न्यायालयों में इसी प्रकार के फर्जी दस्तावेजों का उपयोग किया है। साथ ही फर्जी आधार कार्ड और अन्य कूटरचित दस्तावेज तैयार करने में शामिल संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।