सूरजपुर
सूरजपुर, 20 जुलाई। उप तहसील देवनगर में कथित रूप से फर्जी जाति प्रमाण-पत्र जारी करने, अवैध वसूली और बिचौलियों के माध्यम से कार्य कराने के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। इस संबंध में नायब तहसीलदार सरिता राजवाड़े ने कहा कि वे अपनी आईडी चेक कर ही इस विषय में कुछ बता पाएंगी।
जिला कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी अविनाश साहू ने जिला कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर देवनगर में पदस्थ नायब तहसीलदार तथा एक कथित बिचौलिए के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, क्षेत्र के कुछ सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) संचालकों ने अविनाश साहू से उप तहसील कार्यालय में अनियमितताओं और फर्जी प्रमाण-पत्र जारी किए जाने की शिकायत की थी। इसके बाद अविनाश साहू ने कथित दस्तावेजी साक्ष्यों के साथ कलेक्टर को शिकायत सौंपते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
एक आवेदक के दस्तावेजों में तीन अलग-अलग जातियों का उल्लेख
शिकायत में दावा किया गया है कि देवनगर उप तहसील से जारी एक अस्थायी जाति प्रमाण-पत्र में आवेदक वंदना को अन्य पिछड़ा वर्ग की तेली जाति का बताया गया है। जबकि प्रमाण-पत्र के सत्यापन के लिए संलग्न बी-1 राजस्व दस्तावेज में आवेदक की जाति उरांव (अनुसूचित जनजाति) दर्ज होने का आरोप लगाया गया है। वहीं शैक्षणिक अभिलेखों में जाति कुर्मी अंकित होने का दावा किया गया है।
इसके अलावा शिकायत में आवेदक के पिता के नाम और उपनाम में भी दस्तावेजों के बीच विसंगति होने का आरोप लगाया गया है। कांग्रेस का कहना है कि इतनी गंभीर विसंगतियों के बावजूद प्रमाण-पत्र जारी होना जांच का विषय है।
सीएससी संचालकों ने लगाए भेदभाव और बिचौलिये के आरोप
कलेक्टर को किए शिकायत में बताया गया है कि वैध सीएससी संचालकों की जगह उप तहसील कार्यालय में एक बाहरी व्यक्ति कथित रूप से शासकीय कार्यों में हस्तक्षेप कर रहा है तथा पैसे लेकर प्रमाण-पत्र बनवाने का काम कर रहा है। वहीं नियमपूर्वक आवेदन करने वाले संचालकों के मामलों को तकनीकी कारण बताकर लंबित या निरस्त किया जा रहा है।
मामले में अविनाश साहू ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए संबंधित नायब तहसीलदार को तत्काल प्रभाव से हटाया या निलंबित किया जाए। साथ ही कथित बिचौलिए के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और पिछले कुछ महीनों में जारी सभी प्रमाण-पत्रों की विशेष जांच कराने की भी मांग की गई है।