सूरजपुर

संयुक्त जिला कार्यालय में चला स्वच्छता अभियान, पौधरोपण भी
18-Jul-2026 8:50 PM
संयुक्त जिला कार्यालय में चला स्वच्छता अभियान, पौधरोपण भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर,18 जुलाई। स्वच्छ भारत मिशन एवं स्वच्छ नगर-सुंदर कार्यालय की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से शनिवार को कलेक्टर रेना जमील के निर्देशन में संयुक्त जिला कार्यालय एवं जिला पंचायत परिसर में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले के नेतृत्व में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नगर पालिका परिषद के सफाई अमले ने श्रमदान कर पूरे परिसर की साफ-सफाई की।

अभियान के दौरान कार्यालय परिसर, आंगन एवं भवन के आसपास उगी गाजर घास और अन्य खरपतवार को हटाया गया। परिसर के प्रत्येक हिस्से की बारीकी से सफाई कर स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित किया गया तथा एकत्रित कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निष्पादन किया गया।

स्वच्छता अभियान के तहत कलेक्ट्रेट और जिला पंचायत कार्यालय परिसर की नालियों की सफाई, उद्यानों का रखरखाव, हरित क्षेत्रों का संरक्षण तथा कार्यालय परिसर को साफ-सुथरा बनाने का कार्य भी किया गया। कलेक्टर कार्यालय की दीवारों पर लगातार पानी के रिसाव से उग आई घास और काई को भी हटाकर परिसर को आकर्षक स्वरूप दिया गया।

अभियान के दौरान सीईओ जिला पंचायत विजेंद्र सिंह पाटले एवं डिप्टी कलेक्टर रमेश मोर ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा सतत प्रयास है।

प्रत्येक नागरिक के सहयोग से ही स्वच्छ नगर–सुंदर कार्यालय की अवधारणा को सफल बनाया जा सकता है।

जिला प्रशासन ने बताया कि स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे। अभियान में बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी, नगर पालिका का सफाई अमला एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट