सूरजपुर

पीएम आवास योजना के कार्यों में आएगी तेजी, हर जनपद के लिए बने जिला स्तरीय नोडल अधिकारी
15-Jul-2026 9:13 PM
पीएम आवास योजना के कार्यों में आएगी तेजी, हर जनपद के लिए बने जिला स्तरीय नोडल अधिकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर,15 जुलाई। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सूरजपुर कलेक्टर रेना जमील ने जिले की सभी जनपद पंचायतों के लिए जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। इन अधिकारियों की जिम्मेदारी आवास निर्माण की नियमित मॉनिटरिंग, भौतिक निरीक्षण और जमीनी स्तर पर आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान करना तय किया गया है।

कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार नोडल अधिकारी स्वीकृत आवासों की प्रगति की लगातार समीक्षा करेंगे तथा अप्रारंभ और अपूर्ण आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के लिए आवश्यक समन्वय स्थापित करेंगे। निर्माण कार्य में सामग्री, श्रमिक या तकनीकी समस्याओं का मौके पर निराकरण करते हुए गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर रहेगा। सभी अधिकारियों को जिला पंचायत को नियमित प्रगति प्रतिवेदन भी प्रस्तुत करना होगा।

जनपदवार नियुक्त अधिकारियों में प्रतापपुर के लिए उप संचालक (पंचायत) विक्रम बहादुर, सूरजपुर के लिए सहायक परियोजना अधिकारी डॉ. कृष्ण मोहन पाठक, भैयाथान के लिए जिला समन्वयक  दीपक साहू, प्रेमनगर के लिए डीपीएम  शशि सिन्हा, ओडग़ी के लिए आवास समन्वयक सुजित देव पाण्डेय तथा रामानुजनगर के लिए सहायक अभियंता  श्रीमती मानसी द्विवेदी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्धारित प्रपत्र में विस्तृत रिपोर्ट तैयार करनी होगी, जिसमें पूर्ण, निर्माणाधीन और अप्रारंभ आवासों की संख्या, हितग्राही की उपस्थिति, श्रमिक एवं निर्माण सामग्री की उपलब्धता, मनरेगा मजदूरी और किस्त भुगतान से जुड़ी समस्याओं सहित की गई कार्रवाई का उल्लेख करना अनिवार्य होगा।

प्रशासन ने सभी हितग्राहियों से स्वीकृत आवासों का निर्माण शीघ्र पूरा कराने की अपील की है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि जो हितग्राही लगातार निर्माण कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं, उनकी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय में नियमित पेशी कराई जा रही है और नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।


अन्य पोस्ट