सूरजपुर

जिला अस्पताल में 6 टीएचआर ऑपरेशन
15-Jul-2026 9:12 PM
जिला अस्पताल में 6 टीएचआर ऑपरेशन

आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को अब जिले में ही मिलेगी उन्नत अस्थि चिकित्सा सुविधा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 15 जुलाई। जिला चिकित्सालय सूरजपुर ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि दर्ज करते हुए अब तक 6 टोटल हिप रिप्लेसमेंट (टीएचआर) ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न किए हैं। इस उपलब्धि के साथ अब जिले एवं आसपास के मरीजों को जटिल अस्थि शल्यक्रिया के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक उपचार उपलब्ध होगा।उक्त ऑपरेशन अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय साहू और डॉ. अमन गुप्ता ने सफलतापूर्वक किए, जबकि एनेस्थीसिया की जिम्मेदारी डॉ. विकास भगत और डॉ. अनिल कुमार ने निभाई।

इन जटिल शल्यक्रियाओं की सफलता में नर्सिंग एवं सहयोगी स्टाफ की भी अहम भूमिका रही। नर्सिंग सिस्टर तारा सिंह, ओटी इंचार्ज नवीदा परवीन, स्टाफ नर्स दीप्ति निशा, सीमा देवांगन, मयंक राजवाड़े, ओटी टेक्नीशियन बोधन राजवाड़े, ओटी अटेंडेंट सुखलाल राम तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सागर रवि और भीख साय ने ऑपरेशन एवं मरीजों की देखभाल में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार ऑपरेशन के बाद सभी मरीज—इंद्रजीत, लल्लू राम, संतोष, टेकराम और जोखा राम—स्वस्थ हैं तथा चिकित्सकीय निगरानी में तेजी से स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं। जिला चिकित्सालय में टीएचआर जैसी उन्नत सुविधा उपलब्ध होने से विशेष रूप से दूरस्थ और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सकेगा, जिससे उनका समय और उपचार पर होने वाला अतिरिक्त खर्च भी बचेगा।

सीएमएचओ डॉ. कपिल देव पैकरा ने इस उपलब्धि पर पूरी चिकित्सा टीम, नर्सिंग स्टाफ और सहयोगी कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि जिला चिकित्सालय सूरजपुर में भविष्य में भी आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार किया जाएगा, ताकि जिलेवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं अपने ही जिले में उपलब्ध हो सकें।


अन्य पोस्ट