सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भैयाथान, 14 जुलाई । शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत द्वारा ‘स्व. हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह-2026’ का आयोजन 15 जुलाई को सायं 5 बजे रायपुर में किया जाएगा।
राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान-2026 के लिए सूरजपुर जिले से चार शिक्षकों का चयन हुआ है। इनमें डॉ. गायत्री मिश्रा (संकुल समन्वयक), अमरनाथ चौबे (संकुल समन्वयक), इंदुमती सोनवानी (व्याख्याता) तथा महेश पैकरा (संकुल समन्वयक) शामिल हैं।
संस्था के अनुसार इस वर्ष राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान के लिए देशभर से लगभग 700 आवेदन प्राप्त हुए थे। राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों के उच्चस्तरीय पैनल द्वारा निर्धारित मानकों के आधार पर सभी आवेदनों का गहन मूल्यांकन एवं सत्यापन किया गया।
निष्पक्ष एवं गुणवत्ता आधारित चयन प्रक्रिया के बाद देश के विभिन्न राज्यों से 250 शिक्षकों का अंतिम चयन सम्मान के लिए किया गया।यह सम्मान समारोह स्वर्गीय हरिवंश मिश्र, भूतपूर्व प्रधानपाठक, की पुण्य स्मृति को समर्पित है।