सूरजपुर

तनाव प्रबंधन पर 10वीं वाहिनी सिलफिली में कार्यशाला
12-Jul-2026 8:42 PM
तनाव प्रबंधन पर 10वीं वाहिनी सिलफिली में कार्यशाला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 12 जुलाई। कलेक्टर रेना जमील के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के. डी. पैकरा के मार्गदर्शन में जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम द्वारा 10वीं वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, सिलफिली (सूरजपुर) में तनाव प्रबंधन एवं आत्महत्या रोकथाम हेतु गेटकीपर प्रशिक्षण विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. राजेश पैकरा एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक संदीप नामदेव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा बलों के जवानों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, कार्यस्थल पर उत्पन्न होने वाले तनाव के प्रभावों को समझाना तथा तनाव से प्रभावी ढंग से निपटने के व्यावहारिक उपायों की जानकारी उपलब्ध कराना रहा। कठिन कार्य परिस्थितियों में निरंतर सेवा देने वाले जवानों के लिए मानसिक संतुलन एवं भावनात्मक सुदृढ़ता को अत्यंत महत्वपूर्ण मानते हुए यह पहल की गई।

कार्यक्रम के दौरान मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने तनाव के कारणों, उसके लक्षणों, तनाव प्रबंधन की प्रभावी तकनीकों, सकारात्मक सोच तथा भावनात्मक संतुलन बनाए रखने के तरीकों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके साथ ही आत्महत्या के चेतावनी संकेतों की समय रहते पहचान करने तथा प्रभावित व्यक्ति को उचित समय पर सहायता एवं परामर्श उपलब्ध कराने के महत्व को रेखांकित किया गया।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रतिभागियों को श्वास-व्यायाम (ब्रीदिंग एक्सरसाइज), रिलैक्सेशन तकनीक तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। विशेषज्ञों ने आवश्यकता पडऩे पर मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार का संकोच न करने की बात कही। प्रशिक्षण में उपस्थित जवानों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अपने अनुभव साझा किए तथा विशेषज्ञों से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय सूरजपुर के मानसिक स्वास्थ्य दल से क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट सचिन मातुरकर एवं सोशल वर्कर प्रियंका मंडल सहित 10वीं वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, सिलफिली के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि जवानों को मानसिक रूप से और अधिक सशक्त एवं तनावमुक्त बनाया जा सके।


अन्य पोस्ट