सूरजपुर

सूरजपुर रोड स्टेशन में रनिंग स्टॉफ की नई शाखा कार्यकारिणी का गठन
12-Jul-2026 8:42 PM
सूरजपुर रोड स्टेशन में  रनिंग स्टॉफ की नई शाखा कार्यकारिणी का गठन

सूरजपुर, 12 जुलाई। सूरजपुर रोड रेलवे स्टेशन स्थित टीएमआर कर्मचारियों एवं रनिंग स्टाफ के संगठन ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन  की सूरजपुर शाखा का गठन रविवार को आयोजित ब्रांच जनरल मीटिंग  में किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में सूरजपुर रोड, बिलासपुर, रायगढ़, शहडोल और बिजुरी शाखा के लोको पायलट एवं सहायक लोको पायलट शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ शहीदों के चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद संगठन की नई शाखा के गठन तथा प्रथम कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से चयन किया गया।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2018 में सूरजपुर रोड स्टेशन पर संयुक्त लॉबी की स्थापना के बाद से रनिंग कर्मचारियों की समस्याओं का दायरा बढ़ा है। कर्मचारियों की कार्य परिस्थितियां, आवास, अस्पताल, मॉडल रूम सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों के प्रभावी समाधान के लिए स्थानीय शाखा की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।

 इसी उद्देश्य से बिलासपुर मंडल के अंतर्गत सूरजपुर शाखा का गठन किया गया।

सम्मेलन को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संगठन  के केंद्रीय उपाध्यक्ष एच.एस. भदौरिया, केंद्रीय संगठन से जुड़े पदाधिकारियों तथा बिलासपुर मंडल के प्रतिनिधियों ने संबोधित किया। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाते हुए कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का चयन किया गया। इसमें विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों का मनोनयन किया गया तथा कार्यकारिणी सदस्यों ने संगठन हित में सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

नवनियुक्त पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य रनिंग कर्मचारियों के हितों की रक्षा करना, सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित कराना तथा रेलवे प्रशासन के समक्ष कर्मचारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाना रहेगा।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया तथा सफल ब्रांच जनरल मीटिंग के आयोजन पर प्रसन्नता जताई गई।उकताशय की जानकारी संगठन के जोनल संगठन सचिव बिलासपुर आर के दुबे ने दी।


अन्य पोस्ट