सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 11 जुलाई। सूरजपुर पुलिस ने दस प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का नियमानुसार नष्टीकरण किया है। शुक्रवार को पुलिस लाइन परिसर में बनाए गए अस्थायी भ_े में जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति की निगरानी में यह कार्रवाई संपन्न हुई।
नष्टीकरण के दौरान एनडीपीएस एक्ट के 10 प्रकरणों में जब्त 32 किलो 247 ग्राम गांजा, 45 गांजा के पौधे, 590 इंजेक्शन, 176 कफ सिरप की बोतलें तथा 2,592 कैप्सूल नष्ट किए गए। इन सभी मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये बताई गई है।
एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने बताया कि यह कार्रवाई केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय की अधिसूचना तथा छत्तीसगढ़ शासन के 21 नवंबर 2024 के दिशा-निर्देशों के अनुरूप की गई। नष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया जिला स्तरीय समिति की उपस्थिति में पारदर्शी तरीके से वीडियोग्राफी और दस्तावेजीकरण के साथ पूरी की गई।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, जिला आबकारी अधिकारी अनिल मित्तल, क्षेत्रीय अधिकारी पर्यावरण संरक्षण मंडल, वन विभाग के अधिकारी सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
वहीं रक्षित निरीक्षक अशोक गिरी, निरीक्षक जावेद मियादांद, प्रधान आरक्षक आशाराम लकड़ा, आरक्षक सोहेल राजा, उदय सिंह एवं अन्य पुलिसकर्मी भी उपस्थित रहे।