सूरजपुर
सूरजपुर, 11 जुलाई। जिला सूरजपुर में संदिग्ध दस्तावेजों के आधार पर औषधि अनुज्ञप्ति (ड्रग लाइसेंस) प्राप्त करने के मामले में प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए मेसर्स आर.डी. लक्ष्मी मेडिकल एजेंसी, भैयाथान रोड, सूरजपुर का लाइसेंस निरस्त कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, राधेश्याम गुप्ता द्वारा प्रस्तुत शिकायत में आरोप लगाया गया था कि संबंधित मेडिकल एजेंसी ने संदिग्ध दस्तावेजों के आधार पर औषधि लाइसेंस प्राप्त किया है। शिकायत प्राप्त होने के बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी अभिलेखों, शिकायत पत्र एवं उपलब्ध दस्तावेजों की विस्तृत जांच की।
जांच के दौरान संबंधित फर्म को कारण बताओ नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया। फर्म द्वारा प्रस्तुत स्पष्टीकरण, विभागीय अधिकारियों की रिपोर्ट एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के परीक्षण के बाद प्रकरण में अनियमितताएं पाए जाने की पुष्टि हुई।
इसके बाद सक्षम प्राधिकारी ने औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 तथा नियमावली, 1945 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए मेसर्स आर.डी. लक्ष्मी मेडिकल एजेंसी की औषधि अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि औषधि लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता या फर्जी दस्तावेजों का उपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।