सूरजपुर

69 हजार ने ली नशामुक्ति की शपथ
11-Jul-2026 3:51 PM
69 हजार ने ली नशामुक्ति की शपथ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर,11 जुलाई।नशा मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से सूरजपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नवजीवन अभियान के तहत जिलेभर में एक ही दिन में नशे के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा जनजागरूकता अभियान चलाया गया। पंचायत भवनों, स्कूलों, महाविद्यालयों और विभिन्न सार्वजनिक स्थलों सहित 509 स्थानों पर आयोजित शपथ कार्यक्रमों में 69 हजार 218 ग्रामीणों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिवक्ताओं, युवाओं, महिलाओं एवं आम नागरिकों ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर कलेक्टर रेना जमील एवं  एसएसपी  प्रशांत कुमार ठाकुर ने स्वयं छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और आम नागरिकों को नशे को ना, जिंदगी को हां का संदेश देते हुए शपथ दिलाई। दोनों अधिकारियों ने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।

कलेक्टर रेना जमील ने कहा कि जिले के सभी गांवों, स्कूलों और कॉलेजों में एक साथ आयोजित यह महाअभियान सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, सामाजिक जीवन और भविष्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। युवाओं को इससे दूर रहकर समाज में जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

 एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने बताया कि 7 जुलाई को जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारियों, पुलिस अधिकारियों और जवानों ने व्यापक स्तर पर शपथ कार्यक्रम आयोजित किए। उन्होंने कहा कि नवजीवन अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ और सुरक्षित समाज बनाने का जनआंदोलन है। यदि इस अभियान से कुछ लोगों को भी नशे की लत से बचाया जा सके, तो यह प्रयास सफल माना जाएगा।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन ने कोतवाली क्षेत्र में स्कूली बच्चों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। वहीं जिले के सभी थाना-चौकी क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी तथा लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का संकल्प दिलाया।


अन्य पोस्ट