सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर,10 जुलाई। छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अरुण देव गौतम ने गत दिनों सूरजपुर जिले का आकस्मिक दौरा कर पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, बीट पुलिसिंग, लंबित प्रकरणों, महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े अपराधों, मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई, यातायात व्यवस्था और सामुदायिक पुलिसिंग की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में आईजी सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
डीजीपी ने कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ईमानदारी, संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा आम नागरिकों के प्रति सहयोगात्मक और मानवीय व्यवहार अपनाने पर विशेष जोर दिया। महिलाओं, बच्चों और कमजोर वर्गों से जुड़े मामलों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए छोटी-बड़ी सभी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई, प्रभावी गश्त, मुखबिर तंत्र को मजबूत करने, आदतन अपराधियों की सतत निगरानी और तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग पर बल दिया। बैठक में डायल-112 की कार्यप्रणाली और विभिन्न अभियानों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
गंभीर अपराधों में बेहतर सजा दर पर जताई संतुष्टि
डीजीपी अरुण देव गौतम ने गंभीर अपराधों में न्यायालय से मिल रही बेहतर सजा दर पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि न्यायालय में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाए, ताकि अभियोजन मजबूत हो और दोषियों को समय पर सजा मिल सके।
उन्होंने वैज्ञानिक एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना, घटनास्थल संरक्षण, भौतिक एवं डिजिटल साक्ष्यों के प्रभावी संग्रहण तथा अभियोजन की सफलता बढ़ाने के संबंध में अधिकारियों को विस्तृत मार्गदर्शन भी दिया।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, सीएसपी बेनार्ड कुजूर, एसडीओपी राजेश जोशी, अभिषेक पैंकरा, अनूप एक्का तथा डीएसपी (अजाक) रीता नीलम कुजूर सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।