सूरजपुर

समाज कल्याण विभाग ने दिव्यांग को दिया मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल
06-Jul-2026 10:48 PM
समाज कल्याण विभाग ने दिव्यांग को दिया मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 6 जुलाई। जिला प्रशासन के जनदर्शन कार्यक्रम ने एक बार फिर आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का उदाहरण प्रस्तुत किया। सोमवार को आयोजित जनदर्शन में कुल 85 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके निराकरण के लिए कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इसी दौरान विकासखंड प्रतापपुर के ग्राम बगडा कोटेया निवासी 80 प्रतिशत दिव्यांग परशुराम तिवारी ने मोटराइज्ड ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। समाज कल्याण विभाग के अनुसार दिव्यांगता के कारण उन्हें चलने-फिरने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही विभाग ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर परशुराम तिवारी को नि:शुल्क मोटराइज्ड ट्राई साइकिल उपलब्ध करा दी।

मोटराइज्ड ट्राई साइकिल मिलने के बाद परशुराम तिवारी ने जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनके लिए आवागमन आसान हो जाएगा और दैनिक जीवन के कार्य पहले की अपेक्षा अधिक सहजता से कर सकेंगे।

समाज कल्याण विभाग के उप संचालक आलोक भवाल ने बताया कि शासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सहायक उपकरणों का लाभ लेकर आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।


अन्य पोस्ट