सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 3 जुलाई। हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे पांच आरोपियों के विरुद्ध मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सूरजपुर ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 84 के तहत उद्घोषणा जारी की है। न्यायालय ने सभी आरोपियों को 10 अगस्त अथवा उससे पूर्व न्यायालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है।
मामला चौकी बसदेई क्षेत्र के ग्राम जूर का है। 14 अप्रैल 2026 को हसीना बीबी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जमीन विवाद के चलते आरोपी लाठी-डंडों से लैस होकर खेत पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पति यासीन हफीजी पर आरोपियों ने हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। चिकित्सकीय परीक्षण में चोट को मानव जीवन के लिए खतरनाक बताया गया।
पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज कर बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम किया। विवेचना के दौरान आरोपी लगातार फरार रहे और न्यायालय से जारी गिरफ्तारी वारंट भी तामील नहीं हो सका। इसके बाद न्यायालय ने मोहम्मद अयुब अंसारी, अख्तर रजा, उमर रजा, असलम अंसारी और सफिरन निशा, सभी निवासी ग्राम जूर, के विरुद्ध उद्घोषणा जारी की।
बसदेई पुलिस ने न्यायालय की उद्घोषणा आरोपियों के घरों पर चस्पा कर उनके परिजनों एवं ग्रामीणों के समक्ष पढक़र सुनाई। निर्धारित तिथि तक न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।-