सूरजपुर
बारिश के बाद होगी बेदखली, अब तक 82 एकड़ भूमि आवंटित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 2 जुलाई। भटगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सिलफिली में प्रस्तावित उद्यानिकी महाविद्यालय के लिए गुरुवार को मदनपुर स्थित शासकीय भूमि का सीमांकन पुलिस बल की मौजूदगी में कराया गया। ग्रामीणों के संभावित विरोध को देखते हुए प्रशासन ने पहले से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। हालांकि पूरे दिन चली कार्रवाई बिना किसी विवाद के शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
जानकारी के अनुसार महाविद्यालय के लिए 100 एकड़ भूमि की आवश्यकता है। शासन द्वारा अब तक मदनपुर में 37 एकड़ और ग्राम करवा में 45 एकड़, कुल 82 एकड़ शासकीय भूमि आवंटित की जा चुकी है। शेष 18 एकड़ भूमि की तलाश जारी है।
मदनपुर की आवंटित 37 एकड़ भूमि पर लंबे समय से एक दर्जन से अधिक परिवार मकान बनाकर रह रहे हैं तथा कई लोग खेती भी कर रहे हैं। प्रशासन ने इन कब्जाधारियों को जनवरी 2025 में ही कब्जा हटाने के लिए नोटिस जारी कर दिया था, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के कारण पिछले डेढ़ वर्ष से सीमांकन नहीं हो पा रहा था।
सीमांकन की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक एवं पूर्व संसदीय सचिव पारसनाथ राजवाड़े, जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र यादव तथा कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष भगवती राजवाड़े मौके पर पहुंचे और बारिश के दौरान कार्रवाई स्थगित करने की मांग की। इस पर एसडीएम शिवानी जायसवाल ने स्पष्ट किया कि फिलहाल केवल सीमांकन किया जा रहा है, जबकि बेदखली की कार्रवाई बारिश समाप्त होने के बाद की जाएगी। इसके बाद जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में सीमांकन एवं पोल-खंभे लगाने का कार्य पूरा किया गया।
लटोरी तहसीलदार सुरेंद्र पैकरा ने बताया कि महाविद्यालय के लिए अब तक 82 एकड़ भूमि आवंटित हो चुकी है तथा शेष 18 एकड़ भूमि चिन्हित करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि आवंटित भूमि पर अतिक्रमण करने वालों को पूर्व में नोटिस दिया जा चुका है। बारिश के बाद बेदखली की कार्रवाई पूरी कर भूमि महाविद्यालय को हस्तांतरित की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान एसडीएम शिवानी जायसवाल, तहसीलदार सुरेंद्र पैकरा, एसडीओपी अभिषेक पैकरा सहित विभिन्न थाना-चौकियों एवं पुलिस लाइन से पहुंचे पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।