सूरजपुर
सूरजपुर, 2 जुलाई। जिला कांग्रेस कमेटी, सूरजपुर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि राजस्थान के कोटा में आयोजित ‘छात्रों की गूंज महा-संवाद ’ कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक समेत प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरा और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह ने राहुल गांधी के संबोधन की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने देशभर के छात्रों की आवाज उठाई है। विज्ञप्ति के अनुसार राहुल गांधी ने कहा कि नीट पेपर लीक केवल परीक्षा में गड़बड़ी नहीं, बल्कि मेहनत करने वाले लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ा गंभीर मामला है। उन्होंने छात्रों से कहा कि उनकी आवाज संसद में उठाई जाएगी और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।
शशि सिंह ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में हुई गड़बडिय़ों के लिए केंद्र सरकार जवाबदेह है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सूरजपुर जिला कांग्रेस कमेटी युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों पर राहुल गांधी के आह्वान का समर्थन करेगी और छात्रों के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी।