सूरजपुर
कोल इंडिया चेयरमैन के नाम सौंपा ज्ञापन, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता-
बिश्रामपुर,2 जुलाई। कोल इंडिया लिमिटेड एवं उसकी अनुषंगी कंपनियों के गैर-कार्यकारी कर्मचारियों के 12वें वेतन समझौते (JBCCI-XII) के गठन और शीघ्र वेतन समझौता लागू करने की मांग को लेकर बुधवार को एसईसीएल विश्रामपुर क्षेत्र में संयुक्त ट्रेड यूनियनों ने मांग दिवस मनाया। इस दौरान एटक, एचएमएस, इंटक एवं सीटू के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने महाप्रबंधक कार्यालय के माध्यम से कोल इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष के नाम ज्ञापन सौंपा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संयुक्त कोयला मजदूर संघ के केंद्रीय महासचिव अजय विश्वकर्मा ने कहा कि 11वें वेतन समझौते की अवधि 30 जून 2026 को समाप्त हो चुकी है, लेकिन अब तक JBCCI-XII की वार्ता समिति का गठन नहीं किया गया है। इससे देशभर के कोयला श्रमिकों में असंतोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के हितों की लगातार उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रबंधन को तत्काल वार्ता प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए।
एटक के व्ही.सी. जैन, एचएमएस के अरविंद सिंह, इंटक के अजीत यादव तथा सीटू के सुरेश पटेल ने संयुक्त रूप से कहा कि कोयला श्रमिक देश की ऊर्जा सुरक्षा की रीढ़ हैं। इसलिए उनके न्यायोचित अधिकारों की रक्षा करते हुए JBCCI-XII का तत्काल गठन कर समयबद्ध वेतन समझौता किया जाना चाहिए। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई तो संयुक्त ट्रेड यूनियनें व्यापक आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होंगी।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे और उन्होंने वेतन समझौते को लेकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। कार्यक्रम का संचालन एटक के क्षेत्रीय सचिव पंकज गर्ग ने किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रबंधन की ओर से स्टाफ ऑफिसर (एचआर) एस.के.पी. शिंदे, वरिष्ठ प्रबंधक (एचआर) राजेंद्र गुप्ता तथा क्षेत्रीय सुरक्षा प्रभारी रात्रे ने महाप्रबंधक कार्यालय के मुख्य द्वार पर पहुंचकर संयुक्त ट्रेड यूनियनों का ज्ञापन प्राप्त किया। अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि ज्ञापन शीघ्र ही कोल इंडिया के उच्च प्रबंधन तक भेज दिया जाएगा।