सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर,1 जुलाई। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के ठेकेदारों ने खैरागढ़ के ठेकेदार गणेश्वर जंघेल की कथित रूप से लंबित भुगतान के कारण हुई आत्महत्या पर शोक व्यक्त करते हुए बुधवार को सूरजपुर में मौन धरना-प्रदर्शन किया। ठेकेदारों ने दिवंगत जंघेल को श्रद्धांजलि अर्पित कर विभाग के समक्ष अपनी लंबित मांगों को उठाया।
धरने के दौरान ठेकेदारों ने समय पर भुगतान, लंबित बिलों का शीघ्र निपटारा तथा विभागीय प्रक्रियाओं को सरल बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि भुगतान में लगातार हो रही देरी के कारण ठेकेदार गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और निर्माण एवं रखरखाव कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि समय पर भुगतान नहीं मिलने से ठेकेदार मानसिक और आर्थिक दबाव में आ रहे हैं।
प्रदर्शन के बाद पीएचई ठेकेदार संघ ने कार्यपालन अभियंता को ज्ञापन सौंपकर लंबित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस दौरान अंकित गर्ग, अंशुल गोयल, कलवंत गोयल, मुकेश गोयल, प्रकाश अग्रवाल, विकास खत्री, दिनेश गोयल, मुकेश गर्ग, राकेश शुक्ला, गुप्तेश्वर पांडेय, विवेकानंद झा, लकी गोयल, विनय जायसवाल, अनुराग डालमिया, जीवन रौतेला, सत्येंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में पीएचई ठेकेदार उपस्थित रहे।